अलवर के भूगोर गांव में दर्दनाक हादसा: मिनी सचिवालय कर्मी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया…
अलवर सदर थाना क्षेत्र के गांव भूगोर में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। अलवर मिनी सचिवालय में कार्यरत फोर्थ क्लास कर्मचारी ने शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 24 वर्षीय राकेश जाटव पुत्र रोहतास जाटव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राकेश अपने घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे से लटका मिला। वह अपने पिता रोहतास जाटव के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति के तहत मिनी सचिवालय में कार्यरत था। उसके पिता अलवर कोर्ट में चपरासी के पद पर तैनात थे।
परिजनों ने बताया कि राकेश शराब की लत से ग्रसित था और इसी कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव में रहता था। रविवार शाम करीब सात बजे वह शराब के नशे में था, इसी दौरान उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना के समय राकेश की पत्नी और उसके तीन छोटे बच्चे घर के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद थे, जबकि उसकी मां दिल्ली में अपनी बेटी से मिलने गई हुई थी। काफी देर तक राकेश के नीचे नहीं आने पर परिजन ऊपर पहुंचे, जहां उसे फांसी पर लटका देख हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।