उमरैण में 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कारणों का नहीं हुआ खुलासा
अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम उमरैण में एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान अमरीश पुत्र खुशीराम निवासी ग्राम उमरैण के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मृतक के चाचा के पुत्र अमित शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि अमरीश गुरुवार शाम अपने घर में मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उसने घर के अंदर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो परिजनों ने आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर परिजन कमरे में पहुंचे तो अमरीश फांसी के फंदे पर लटका मिला।
घटना के तुरंत बाद परिजन उसे अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
अकबरपुर थाना पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।