राजगढ़ थाना क्षेत्र के ढिगावड़ा में चोरी की वारदात, बैरवा बस्ती के तीन घरों से लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ढिगावड़ा स्थित बैरवा बस्ती में बीती रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर लिया। घटना के बाद पीड़ित ग्रामीण शिकायत दर्ज कराने राजगढ़ थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित गोपाल राम बैरवा ने बताया कि देर रात चोरों ने उनके कमरे की कुंडी बाहर से लगाकर उन्हें अंदर बंद कर दिया और करीब 70–80 हजार रुपये मूल्य के जेवरात सहित सिलाई मशीन चोरी कर ले गए।
वहीं रामलाल बैरवा ने बताया कि चोरों ने उनके कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बक्से का ताला भी तोड़ दिया और रजाई के कवर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नगदी लेकर फरार हो गए।
दिलीप कुमार बैरवा ने बताया कि उनके घर से लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोरी हुए हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने राजगढ़ थाने में दर्ज करवाई है।
पुलिस ने तीनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश की जा रही है।