#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

बीएड डिग्री में कथित अनियमितता: जनवादी महिला समिति का प्रदर्शन, शिक्षिका वसुंधरा चौधरी पर कार्रवाई की मांग…..

अलवर।
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान राजकीय माध्यमिक विद्यालय तुलेड़ा की अध्यापिका वसुंधरा चौधरी के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई गई। यह प्रदर्शन समिति की प्रांतीय कोषाध्यक्ष रहीसा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

रहीसा ने आरोप लगाया कि शिक्षिका वसुंधरा चौधरी ने शिक्षा विभाग की अनुमति के बिना नियमित रूप से बीएड की डिग्री प्राप्त की, जो नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में शिक्षिका के पति अशोक आर्य, जो कला कॉलेज अलवर के प्राचार्य हैं, का सहयोग बताया जा रहा है। आरोप है कि बीएड अध्ययन की अवधि के दौरान शिक्षिका ने वेतन-भत्ते भी प्राप्त किए, जिससे राजकोष को नुकसान हुआ और यह कृत्य धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।

समिति का कहना है कि कार्यकाल के दौरान तथ्य छिपाकर अनियमित लाभ लेने से संबंधित बिंदुओं को 16 सीसी के आरोप-पत्र में स्वयं शिक्षिका द्वारा स्वीकार किया गया है। इसके अलावा उनके खिलाफ पुलिस में दर्ज कई मामलों का भी हवाला दिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव और कुछ अधिकारियों के संरक्षण के चलते अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। समिति ने मांग की कि कथित फर्जीवाड़े के मामले में एफआईआर दर्ज कर शिक्षिका को तत्काल निलंबित किया जाए तथा निष्पक्ष विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

इस संबंध में समिति की ओर से शिक्षा मंत्री, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

author avatar
Stv News Rajasthan

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *