नए साल पर दुखद घटना: शराब के नशे में 52 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में शोक
अलवर जिले के अखेपुरा थाना क्षेत्र से नए साल के पहले दिन एक दुखद घटना सामने आई है। दिल्ली दरवाजा स्थित गंगा मंदिर के पास रहने वाले 52 वर्षीय दीनदयाल जाटव ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार दीनदयाल पिछले कई वर्षों से वैद्य का कार्य करते थे और लोगों के हाथ-पैरों की हड्डियां जोड़ने के लिए क्षेत्र में जाने जाते थे। उनके पिता बाबूलाल जाटव भी इसी पेशे में प्रसिद्ध थे। अखेपुरा थाना के सहायक उप निरीक्षक पदमचंद ने बताया कि दीनदयाल की उंगली का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था, जिसके चलते वह कुछ समय से शराब का सेवन नहीं कर रहे थे, लेकिन बीती रात उन्होंने शराब पी ली और इसके बाद फांसी लगा ली।