अलवर में प्लॉट के नाम पर 12.75 लाख की ठगी, फरार आरोपी रोहतक से गिरफ्तार
अलवर में प्लॉट दिलाने के नाम पर रेलवे स्टेशन मास्टर से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी नवीन को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि दाउदपुर निवासी सीताराम ने 29 जून 2026 को कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने रेलवे स्टेशन मास्टर को प्लॉट दिखाकर एग्रीमेंट कराने का झांसा दिया और इस दौरान 12 लाख 75 हजार रुपये ले लिए।
राशि लेने के बाद न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए। खुद को ठगा हुआ महसूस करने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे रोहतक से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य आरोपियों व पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।