राजगढ़ के यश साहू ने 12वीं विज्ञान में 96.60% अंक हासिल कर रचा इतिहास, ऑटो चालक के बेटे ने बढ़ाया मान
अलवर जिले के राजगढ़ कस्बे में स्थित पीएम श्री प्यारेलाल गुप्ता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र यश साहू ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा (विज्ञान वर्ग) के परिणाम में 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर घर और स्कूल में खुशी का माहौल है तथा बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
साधारण परिवार से आने वाले यश साहू के पिता ऑटो रिक्शा चालक हैं, लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद यश ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और महंत त्रिलोक शर्मा को दिया, जिन्होंने समय-समय पर उनका मार्गदर्शन किया।
यश साहू का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। उनकी इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि कठिन परिस्थितियां भी मजबूत इरादों के सामने बाधा नहीं बन सकतीं।