#देश दुनिया #सोशल

सोहनपुर में पानी का संकट: बिजली बिल बकाया होने पर ट्यूबवेल कनेक्शन कटे, ग्रामीणों में हाहाकार

अलवर जिले की मालाखेड़ा पंचायत समिति के अंतर्गत ग्राम पंचायत बांदीपुर में जल जीवन मिशन के तहत संचालित ट्यूबवेलों के बिजली बिल जमा नहीं होने के कारण विद्युत विभाग ने कनेक्शन काट दिए हैं। इसका सीधा असर बांदीपुर और सोहनपुर गांव पर पड़ा है, जहां 2000 से अधिक की आबादी गंभीर जल संकट का सामना कर रही है।

सोहनपुर गांव में ट्यूबवेल बंद होने से हालात बिगड़ गए हैं। ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिनकी कीमत करीब 500 रुपये प्रति टैंकर बताई जा रही है। पानी की कमी के चलते पशु-पक्षी भी परेशान हो रहे हैं।

गांव के तेज सिंह, शमशु खान, अंगद सिंह, मातृ खान, योगेश कुमार, सौदान सिंह, भूप सिंह, बंटी और वकील सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत को कई बार बिजली बिल जमा कराने के लिए अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मामले में मालाखेड़ा के सहायक अभियंता तनिष्क कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत बांदीपुर में जल जीवन मिशन के तहत चार ट्यूबवेलों पर 4 लाख 54 हजार 50 रुपये बकाया हैं, जबकि सरपंच के नाम से जुड़े छह ट्यूबवेलों पर 82 हजार 854 रुपये बकाया हैं। इस तरह कुल 10 ट्यूबवेलों पर 5 लाख 36 हजार 904 रुपये का बकाया होने के कारण कनेक्शन काटे गए हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की है, ताकि गांव में पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो सके।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *