#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

विवेकानंद नगर में लूट की कोशिश के बाद दहशत, बदमाश के गिराए खिलौनेनुमा बम से मचा हड़कंप…

अलवर शहर के विवेकानंद नगर इलाके में लूट की नीयत से घुसे बदमाश की वारदात और उसके द्वारा गिराई गई खिलौनेनुमा बम जैसी वस्तु के बाद क्षेत्र में अब भी दहशत का माहौल बना हुआ है। भले ही जांच में वह बम नकली निकला हो, लेकिन पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

घटना उस घर की है, जहां मकान मालिक बाबू सिंह रहते हैं। बाबू सिंह एलआईसी कंपनी में एडवाइजर हैं और पत्नी के साथ घर में रहते हैं। उनका बेटा भरतपुर से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी की शादी करीब एक माह पहले ही हुई है।

बाबू सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 7 बजे वे बाथरूम गए थे। इसी दौरान पास के दूसरे बाथरूम से कुछ आवाज आई, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया। जब वे बाहर निकले तो एक बदमाश मुख्य गेट के पास बने कमरे में जाकर छिप गया। शक होने पर जब बाबू सिंह कमरे में पहुंचे, तो बदमाश ने पिस्टल निकालकर उनके सीने पर तान दी।

स्थिति बिगड़ते देख बाबू सिंह ने साहस दिखाते हुए बदमाश के हथियार वाले हाथ को ऊपर कर दिया। दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक हाथापाई होती रही। शोर सुनकर पड़ोसी बाहर आ गए, जिसके बाद बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गया। हाथापाई के दौरान बाबू सिंह ने बदमाश के चेहरे से दो स्कार्फ हटा दिए, हालांकि एक स्कार्फ उसके चेहरे पर लगा रहा।

जब बदमाश गली से भाग रहा था, तभी उसके कपड़ों से एक वस्तु गिर गई। लोगों ने पास जाकर देखा तो उसमें टाइमर चलता हुआ दिखाई दिया। बम होने की आशंका के चलते तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उस संदिग्ध वस्तु को कब्जे में लेकर जयसमंद बांध क्षेत्र में सुरक्षित स्थान पर ले गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार के अन्य सदस्य और गांव से रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। डर के माहौल के चलते उसी रात सभी लोग घर पर ही रुके। पुलिस ने दो पड़ोसियों के बयान भी दर्ज किए हैं। परिवार ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

पड़ोसी सुभे सिंह ने बताया कि बम जैसी वस्तु मिलने की खबर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। लोग अपने-अपने घरों में बंद हो गए और आसपास का इलाका कुछ समय के लिए खाली हो गया।

बाद में जयपुर से पहुंची बम निरोधक दस्ते की टीम ने जांच के बाद उस वस्तु को खिलौनेनुमा बम बताया। हालांकि उसमें टाइमर लगा हुआ था, जिसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *