केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव एवं वन राज्यमंत्री श्री संजय शर्मा ने किया श्री गुरूनानक वाटिका का लोकार्पण…
आमजन के बेहतर स्वास्थ्य की दृष्टि से गुरूनानक वाटिका होगी उपयोगी साबित- केंद्रीय मंत्री श्री यादव
अलवर 15 नवम्बर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव तथा वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री संजय शर्मा ने शनिवार को मुंगस्का में ‘ग्रीन लंग्स मुंगस्का’ के तहत विकसित की गई श्री गुरूनानक वाटिका का लोकार्पण किया।
केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि श्री गुरूनानक देव को समर्पित यह वाटिका आमजन के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए भ्रमण आदि के लिए बहुत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस वाटिका में गुरूनानक देव की वाणी लिखी जाए, जिससे यहां आने वाले लोग उनका मनन कर अपने जीवन में गुरूनानक देव के सत्यवचनों को धारण कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ अलवर व अतुल्य अलवर अभियान के माध्यम से अलवर को स्वच्छ व साफ-सुथरा शहर बनाने की दिशा में निरन्तर सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने एवं ग्रीन स्पेस को बढाने के लिए पेड़ लगाना बेहद आवश्यक है। अतः यहां आने वाले व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी को पूरा करते हुए ना केवल पेड़ लगाए, बल्कि उसकी सार-संभाल भी करें।
वन राज्य मंत्री श्री संजय शर्मा ने श्री गुरूनानक देव को नमन करते हुए कहा कि गुरूनानक देव ने विश्व को सर्वधर्म सम्भाव का संदेश दिया है। गुरूग्रन्थ साहिब के सामने सभी व्यक्ति एक समान है। उन्होंने कहा कि गुरूनानक वाटिका के रूप में अलवर शहर को अच्छी सौगात मिली है, इससे यहां आने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव का आभार जताते हुए कहा कि अलवर के चहुंमुखी व सर्वांगीण विकास की भावना से निरन्तर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गृहस्थ और शहरी दोनों स्तरों पर यह ग्रीन लंग्स मुंगस्का परियोजना अलवर शहर में सतत शहरी नियोजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
केम्पा फण्ड की 2 करोड रूपये की राशि से बनेगी अरावली ईको नर्सरी, एनकेप के 20 लाख रूपये से होंगे वाटिका में काम
उप वन संरक्षक अलवर श्री राजेन्द्र हुड्डा ने बताया कि ग्रीन लंग्स गुरूनानक वाटिका में वृहद स्तर पर 5 हजार पौधे जिनमें नीम, बबूल, शीशम, अर्जुन, बड, पीपल, गुलर, चुरैल, सीरस, अमरूद सहित अनेक फलदार, छायादार एवं औषधीय स्थानीय जलवायु के अनुकूल प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। साथ ही जैव विविधता संवर्धन पक्षियों, परागणकर्ताओं तथा स्थानीय वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय वन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव की ओर से केम्पा मद से यहां अरावली ईको नर्सरी विकसित करने के लिए 2 करोड रूपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही एनकेप की 20 लाख रूपये की राशि से वाटिका की बाउंड्री वॉल व ओपन एयर जिम व झौंपे आदि तैयार कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वाटिका में जल संरक्षण कार्य हेतु वाटर पोंड के माध्यम से वर्षा जल संचयन एवं भूजल संतृप्ति में सुधार, हरित क्षेत्र, वॉकिंग ट्रैक, पक्की दीवार, सोलर पम्प, व्यू पॉइंट, कलाकृतियां आदि आकर्षण का केंद्र है।
इस अवसर पर जिला प्रमुख श्री बलबीर सिंह छिल्लर, जिला अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, पुलिस अधीक्षक श्री सुधीर चौधरी, उप वन संरक्षक अलवर श्री राजेन्द्र हुड्डा, पूर्व महापौर श्री घनश्याम गुर्जर, श्री संजय नरूका, श्री बन्नाराम मीणा, श्री जितेन्द्र राठौड, श्री महेश निहालवानी, श्री विष्णुशंकर शर्मा, श्री सतीश यादव, श्री राजेन्द्र कसाणा, श्री संदीप दायमा, सहित प्रबुद्ध व्यक्ति एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।