अलवर में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट: करंट लगने से 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलसा
अलवर कोतवाली थाना क्षेत्र के बिजली घर चौराहे के पास स्थित बिजली घर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे 17 वर्षीय युवक रवि शर्मा अचानक बिजली की सप्लाई चालू होने से हुए जोरदार ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने घायल युवक को तत्काल सामान्य चिकित्सालय के बर्न वार्ड में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि शर्मा अपने पिता बबली शर्मा के साथ ठेकेदार के अधीन लाइनमैन का कार्य करता था। उसने 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और इसके बाद से वह अपने पिता के साथ बिजली से जुड़े कामों में सहयोग कर रहा था।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय रवि ट्रांसफार्मर पर फेस बांधने का काम कर रहा था, तभी अचानक बिजली की सप्लाई चालू हो गई, जिससे तेज धमाका हुआ और वह बुरी तरह झुलस गया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मौके पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।