#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

अलवर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की मौत, बच्चा घायल…

अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में तिजारा पुलिया के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने स्कूटी सवार महिला और उसके साथ बैठे बालक को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार 49 वर्षीय महिला विमला सक्सेना की मौके पर ही गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, एक बुजुर्ग इस हादसे में बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार लोढ़ी का बास निवासी संजय सक्सेना ने बताया कि उनके अंकल सुरेंद्र शर्मा, पड़ोस में रहने वाली विमला सक्सेना और छोटा बच्चा प्रणव शर्मा शालीमार क्षेत्र में आयोजित खाटू श्याम जी के जागरण में स्कूटी से जा रहे थे। जैसे ही वे तिजारा पुलिया के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में विमला सक्सेना को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक और बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विमला सक्सेना को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और बाइक सवार युवक की तलाश शुरू कर दी है। महिला की मौत के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *