#सोशल

अलवर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कैंटरा की टक्कर से 6 साल के मासूम की मौत, तीन घायल

अलवर जिले के जालुकी थाना क्षेत्र में सेमली स्टैंड के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार कैंटरा ने पीछे से बाइक सवार एक परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम देवांशू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी और उनकी एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार किरणपाल अपनी पत्नी पूजा, बेटे देवांशू और बेटी सोना के साथ बाइक से अपने गांव डवारा से एमआईए स्थित हैवल्स कंपनी जा रहे थे। इसी दौरान सेमली स्टैंड के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटरा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरा परिवार सड़क पर गिर पड़ा और मासूम देवांशू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतक बालक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की जानकारी कठूमर युवा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मपाल यादव नंगली ने दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कैंटरा चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे की जांच जारी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *