अलवर के खेड़ली में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल
अलवर जिले के खेड़ली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सौंखरी गांव निवासी अतर सिंह और वीर सिंह अपने दोस्तों के साथ धोलागढ़ देवी के दर्शन के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान बसेठ और नूनिया गांव के बीच एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को तुरंत उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने वीर सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अतर सिंह की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां काफी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को मोर्च्यूरी में रखवाया और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वीर सिंह और उसके साथियों ने धोलागढ़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सौंखरी गांव में धर्मार्थ प्याऊ लगाई थी। प्याऊ के समापन के बाद सभी दोस्त दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने एक राहगीर की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। विक्रम योगी नामक व्यक्ति, जो अपने परिवार के साथ मेले में जा रहा था, उसकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।