तिजारा में ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े चोरी, ग्राहक बनकर आया युवक तीन सोने की अंगूठियां लेकर फरार…
खैरथल जिले के तिजारा कस्बे में एक ज्वेलरी दुकान से चोरी का मामला सामने आया है। बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और करीब 6 ग्राम वजनी तीन सोने की अंगूठियां लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना विकास पथ स्थित गंगा मंदिर के पास ज्वेलरी पैलेस की है। दुकान मालिक के अनुसार एक व्यक्ति लाल शॉल ओढ़कर और चेहरे पर कपड़ा बांधकर दुकान में आया। उसने बताया कि उसकी पत्नी आने वाली है और उसे सोने की अंगूठियां दिखाने को कहा। इस पर दुकानदार ने अंगूठियों का बॉक्स खोलकर उसके सामने रख दिया।
आरोपी कुछ देर तक अंगूठियों को देखता रहा। इसी दौरान मौका पाकर उसने लगभग 6 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां उठाईं और अचानक दुकान से बाहर भाग गया। जब तक दुकानदार कुछ समझ पाता, वह तेजी से गलियों में गायब हो चुका था।
दुकानदार ने तुरंत उसका पीछा किया और आसपास के लोगों को आवाज लगाकर सतर्क किया, लेकिन आरोपी फरार होने में सफल रहा। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दुकानदार ने बताया
“एक आदमी लाल शॉल ओढ़कर आया और बोला कि उसकी पत्नी आ रही है, अंगूठियां दिखाओ। मैंने जैसे ही बॉक्स खोला और जरा ध्यान हटाया, वह तीन अंगूठियां उठाकर भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।”