अलवर जिले के तीन बीएलओ उत्कृष्ट डिजिटाइजेशन कार्य हेतु सम्मानित**
**विशेष गहन पुनरीक्षण-2026
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत मतदाताओं के गणना प्रपत्र (ईएफ) का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने पर अलवर जिले के तीन बीएलओ को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन द्वारा वर्चुअल कार्यक्रम में तथा जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला द्वारा प्रशंसा पत्र एवं पेन ड्राइव देकर सम्मानित किया गया।
राज्य में सबसे पहले 100% डिजिटाइजेशन करने वाले बीएलओ बने दिनेश कुमार सैनी
राजगढ़-लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 68 (पुराना राजगढ़) के बीएलओ तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बडका के अध्यापक दिनेश कुमार सैनी ने 17 नवंबर को राज्य में सबसे पहले अपने क्षेत्र के सभी ईएफ प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया। उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए निर्वाचन विभाग ने उन्हें प्रशस्त किया। उनका बनाया गया टेस्टिमोनियल वीडियो भी सीईओ राजस्थान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी का हरनेर के बीएलओ से संवाद
थानागाजी विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 46 (हरनेर) के बीएलओ कमलेश शर्मा से भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान बातचीत की। शर्मा ने बताया कि वे स्थानीय निवासी होने के कारण गांव के परिवारों से घनिष्ठ संबंध रखते हैं। व्हाट्सऐप ग्रुप और फोन द्वारा दी गई जानकारी पर अधिकांश ग्रामीण स्वयं उनके पास पहुंचकर ईएफ प्रपत्र भरकर दे गए।
उन्होंने बताया कि 4 नवंबर से पहले ही उन्होंने एसआईआर की तैयारी शुरू कर दी थी। इसके अंतर्गत उन्होंने वर्ष 2002 से पूर्व की 128 महिलाओं को चिन्हित कर उनके माता-पिता की वोटर आईडी ऑनलाइन खोजकर पूरी मैपिंग कर ली, जिससे कार्य तेजी से पूरा हो सका।
कठूमर विधानसभा के बीएलओ मोती सिंह भी सम्मानित
कठूमर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 128 (धीवड़ी) के बीएलओ श्री मोती सिंह को भी ईएफ प्रपत्रों का पूर्ण डिजिटाइजेशन करने के लिए सम्मानित किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी की मतदाताओं से अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत अपना गणना प्रपत्र (ईएफ) समय पर भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर तक घर-घर प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण का कार्य चलेगा।
9 दिसंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
9 दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी।
7 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
मतदाता चाहे तो https://voters.eci.gov.in
पर जाकर ऑनलाइन भी गणना प्रपत्र भर सकते हैं। साथ ही 1950 हेल्पलाइन एवं सभी मतदान केंद्रों पर बने हेल्प डेस्क से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रथम मुकेश कायथवाल, अलवर शहर ईआरओ एवं एसडीएम माधव भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।