राजगढ़-माचाड़ी मार्ग पर देवीजी के मंदिर में चोरी, चांदी के छत्र व मुकुट ले उड़े चोर
राजगढ़–माचाड़ी सड़क मार्ग के मध्य स्थित देवीजी के मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर मंदिर से माता रानी के तीन चांदी के छत्र, एक चांदी का मुकुट सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलने पर राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर से जुड़े नंदकिशोर सैनी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब चार बजे पप्पू सैनी रोजाना की तरह माता की पूजा के लिए मंदिर पहुंचा। जैसे ही वह मुख्य द्वार से अंदर गया, तो उसने मंदिर का ताला टूटा हुआ पाया। इस पर उसे चोरी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो गर्भगृह में लगे स्टील गेट के बीच लगा शीशा टूटा हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर से जुड़े अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच की तो पाया कि गर्भगृह से माता रानी के तीन चांदी के छत्र, एक चांदी का मुकुट, माता के सिर पर लगाया जाने वाला चांदी का चांद तथा दो डिब्बे आर्टिफिशियल ज्वैलरी गायब थे। इसके बाद तत्काल राजगढ़ पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के क्षेत्रों में चोरों की तलाश की जा रही है।