#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

गोविंदगढ़ CHC में चोरी की वारदात: स्टोर का ताला तोड़कर लाखों का सामान गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…

गोविंदगढ़ (अलवर):
गोविंदगढ़ कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बीती रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने अस्पताल के स्टोर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। चोरी की जानकारी सुबह अस्पताल खुलने पर सामने आई, जिसके बाद तुरंत उच्च अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी गई।

लैब इंचार्ज ने दी जानकारी
लैब इंचार्ज रोहिताश वर्मा ने बताया कि सुबह जब वे लैब के लिए आवश्यक सामान लेने स्टोर पहुंचे, तो देखा कि ताले टूटे हुए हैं और अंदर से कई सामान गायब हैं। चोरी हुए सामान की सूची तैयार कर अस्पताल प्रभारी को सौंप दी गई है।

लूपिन संस्था का भी सामान चोरी
घटना के दौरान लूपिन संस्था का भी कीमती सामान चोरी हो गया, जो CHC के स्टोर में रखा हुआ था। लूपिन संस्था की ओर से हर महीने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हेल्थ कैंप आयोजित किया जाता है। चोरी की जानकारी संस्था के कर्मचारियों ने दी।

चिकित्सा प्रभारी ने दी प्रतिक्रिया
चिकित्सा प्रभारी शिवाकांत शर्मा ने बताया कि सुबह चोरी की जानकारी मिलते ही मामले की सूचना पुलिस को दी गई। प्राथमिक जांच में पता चला है कि चोर लैब, स्टोर और इनवर्टर बैटरी सहित कई सामान ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था लचर

गौरतलब है कि गोविंदगढ़ सीएचसी में सुरक्षा गार्ड की कोई व्यवस्था नहीं है। अस्पताल परिसर में लाइट की कमी के कारण रात में गहरा अंधेरा रहता है, जिससे चोरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी होती है। इतना ही नहीं, अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं।

स्थानीय नागरिकों में रोष
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। कुछ दिन पहले अनाज मंडी और मंदिरों में भी चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने की मांग की है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *