भिवाड़ी पुलिस जिले के जैरोली थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जैरोली थाना पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नौकरी और पैसों का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को झूठे संदेश और कॉल्स के जरिए ठगते थे। ये लोग नौकरी दिलाने, गलती से पैसा ट्रांसफर होने या रिफंड के बहाने लोगों से रकम ऐंठ लेते थे।
कई बार ये खुद को किसी कंपनी के प्रतिनिधि बताकर पीड़ितों से कहते थे कि उनके खाते में 25 हजार रुपए भेजे जा रहे हैं, जिसमें से 10 हजार रुपए उन्हें वापस करने हैं। जैसे ही पीड़ित पैसा भेजता, आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाते थे।
पुलिस की अपील – संदिग्ध कॉल्स से रहें सतर्क
थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगी में लिप्त होने की बात स्वीकार कर चुके हैं। उनके खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।