#धार्मिक #राज्य-शहर

अलवर में निकली 12वीं ध्वज यात्रा, महंत बालक नाथ योगी का—सनातन समाज को एकजुट और सजग रहने का संदेश

अलवर शहर में 12वीं ध्वज यात्रा का आयोजन धूमधाम से किया गया। यात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होकर निकली और मोती डूंगरी हनुमान जी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा शुरू होने से पहले फल-सब्जी मंडी में धर्मसभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए तिजारा विधायक महंत बालक नाथ योगी ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि चाहे कोई दूर-दराज ढाणी में रहने वाला परिवार हो या गरीब वर्ग, सनातन धर्म को मानने वाले लोग हमेशा उनके साथ खड़े हैं।

महंत बालक नाथ योगी ने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें देश के भीतर लोगों को प्रभावित कर समाज को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन और गो तस्करी जैसे मुद्दों पर समाज को जागरूक करना जरूरी है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया जाता है।

समाज की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है, लेकिन असामाजिक तत्व और अपराधी अपनी गतिविधियां जारी रखते हैं। ऐसे में समाज को भी सतर्क और संगठित रहना आवश्यक है।

ध्वज यात्रा के दौरान विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें गो माता और लव जिहाद से जुड़ी झांकियों के साथ वीर बाहुबली, भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की झांकियां शामिल थीं। श्रद्धालु पूरे रास्ते ‘जय श्रीराम’ के जयघोष करते हुए आगे बढ़ते रहे। इस दौरान महंत बालक नाथ योगी मुख्य ध्वज लेकर यात्रा का नेतृत्व करते नजर आए।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *