#क्राइम #देश दुनिया #राज्य-शहर

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर घायल

अलवर जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र में जिंदोली पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिंदोली गांव निवासी सुमित स्वामी अपने दोस्त कृष्ण मेघवाल के साथ ततारपुर चौराहे से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जिंदोली लौट रहा था। जैसे ही दोनों बेरोज गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि कृष्ण मेघवाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि सुमित स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को अलवर के सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कृष्ण मेघवाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुमित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक कृष्ण मेघवाल की तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी और उसका एक साल का मासूम बच्चा है। वह ततारपुर चौराहे पर दही-बल्ले बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के बाद जिंदोली गांव में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *