अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 में सेमीफाइनल मुकाबले संपन्न15 नवंबर को होंगे फाइनल मैच, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव देंगे खिलाड़ियों का हौसला…
अलवर सांसद एवं केंद्रीय वन, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की पहल पर वी-शक्ति संस्था के सहयोग से आयोजित अलवर सांसद खेल उत्सव 2.0 के क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले बुधवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेले गए। सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों की विजेता टीमों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। सेमीफाइनल जीतने वाली टीमें अब 15 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबलों में अपना दमखम दिखाएंगी।
उल्लेखनीय है कि खेल उत्सव के अंतर्गत 29 से 31 अक्टूबर तक कबड्डी, खो-खो, कुश्ती, एथलेटिक्स, रस्सा-कस्सी, लंबी कूद, शॉटपुट, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के मुकाबले विधानसभा स्तर पर हुए थे। वहीं 7 से 9 नवंबर तक मुक्केबाज़ी, योगा और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं संपन्न हुई थीं, जिनके आज क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल खेले गए।
फाइनल में दिखाई देंगी मशहूर खेल हस्तियां
15 नवंबर को इंदिरा गांधी स्टेडियम में होने वाले फाइनल मुकाबलों में देश के चर्चित खिलाड़ी—
- रेसलिंग सुपरस्टार योगेश्वर दत्त
- कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता बबीता फोगाट
- कबड्डी आइकन अनुप कुमार
मुख्य आकर्षण रहेंगे।
इसके साथ ही वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव, तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, पन्ना राजघराने की महारानी कृष्णा कुमारी सहित कई नामचीन हस्तियां भी उपस्थित रहेंगी।
महिला एसएचजी व पशुपालक सम्मेलन भी रहेगा विशेष आकर्षण
फाइनल मुकाबलों के साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा एक बड़े मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें करीब 5,000 महिलाएं और लगभग 4,000 डेयरी पशुपालक व किसान शामिल होंगे।
मेले में टेराकोटा, मोजरी, लाख की चूड़ियां, बाजरे से बने उत्पाद, मसाले जैसे हस्तनिर्मित सामान प्रमुख रूप से प्रदर्शित होंगे।
साथ ही सरस डेयरी द्वारा दुग्ध उत्पादों पर विशेष सम्मेलन आयोजित होगा, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। एक चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य जांच करेंगे।
खिलाड़ियों का उत्साह चरम पर
खेल उत्सव में शामिल खिलाड़ियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि सांसद भूपेंद्र यादव ने जिले में खेलों के लिए शानदार माहौल तैयार किया है। खिलाड़ियों को देश के नामचीन कोचों से अलवर में ही प्रशिक्षण मिल रहा है, जिससे प्रतिभाओं को नया मुकाम मिल रहा है।
युवाओं का कहना है कि इस आयोजन ने उन्हें मैदान से जोड़ा है, सोशल मीडिया से दूरी बनाई है और नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया है, जो प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
STV DESK TEAM
14-11-2025