सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 4.88 किलो हेरोइन और ड्रोन बरामद, तीन अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन सीमा संकल्प के तहत पुलिस और बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त गश्त के दौरान सीमा के नजदीक स्थित गांव 21 केएनडी की रोही में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर तलाशी ली गई, जिसमें 4 किलो 88 ग्राम अवैध हेरोइन और एक ड्रोन बरामद किया गया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के अनुसार, मौके से तीन अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान अनुपगढ़ निवासी जगनदीप सिंह उर्फ लब्बू सिंह, हनुमानगढ़ निवासी नीटू सिंह उर्फ रवनीत सिंह और नई मंडी घड़साना निवासी सतपाल सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।
मामले में पुलिस थाना रावला में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश और ड्रोन-सप्लाई चैन की कड़ियों को तोड़ने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।