सरिस्का में अनोखी साईटिंग: घानका तिराहे पर टाइग्रेस ST-9 और टाइगर ST-15 मां-बेटे की जोड़ी साथ दिखी
अलवर के सरिस्का बाघ अभयारण्य से रोमांचक साईटिंग की खबर सामने आई है। घानका तिराहा, जोन-1 क्षेत्र में सफारी के दौरान पर्यटकों को टाइग्रेस ST-9 और उसके बेटे टाइगर ST-15 को एक साथ देखने का दुर्लभ अवसर मिला।
जानकारी के अनुसार, टाइग्रेस ST-9 कुछ देर तक घास पर आराम करती दिखाई दी, वहीं सामने की झाड़ियों से उसका बेटा टाइगर ST-15 बाहर निकला और पर्यटकों को कुछ क्षणों के लिए शानदार झलक देकर वापस झाड़ियों की ओर लौट गया। इसके बाद टाइग्रेस ST-9 भी उसके पीछे-पीछे जंगल की ओर चली गई।
मां-बेटे की इस संयुक्त साईटिंग को देखकर सफारी में मौजूद पर्यटक अत्यंत उत्साहित नजर आए। नए साल के मौके पर सरिस्का में बढ़ती पर्यटक संख्या के बीच यह साईटिंग उनके लिए यादगार अनुभव साबित हुई।