#देश दुनिया #मनोरंजन #राज्य-शहर

सरिस्का में रोमांच की डबल डोज: युवराज टाइगर ST-21 और पैंथर की शानदार साइटिंग…

अलवर के सरिस्का बाघ अभयारण्य के कालां कुआं क्षेत्र में जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को रोमांच से भर देने वाला दृश्य देखने को मिला। सफारी के दौरान प्रसिद्ध युवराज टाइगर ST-21 की शानदार साइटिंग हुई। इसके साथ ही घानका चौकी के पास एक पैंथर भी नजर आया, जिससे पर्यटकों का उत्साह दोगुना हो गया।

जानकारी के अनुसार करीब 50 पर्यटक 6 जिप्सियों में सवार होकर जंगल सफारी पर निकले थे। जैसे ही सफारी दल कालां कुआं इलाके में पहुंचा, सामने सफारी ट्रैक पर युवराज टाइगर ST-21 आता दिखाई दिया। टाइगर को देखते ही गाइड ने सुरक्षा के मद्देनजर सभी जिप्सियों को वहीं रोक दिया। पर्यटकों ने इस अद्भुत नजारे को अपने कैमरों में कैद कर लिया।

टाइगर धीरे-धीरे गाड़ियों के करीब पहुंचने लगा, जिसे देखते हुए सुरक्षा कारणों से जिप्सियों को थोड़ा पीछे लेना पड़ा। इतने करीब से टाइगर को देख पर्यटक रोमांचित और उत्साहित नजर आए।

इसके बाद सफारी दल घानका क्षेत्र की ओर बढ़ा, जहां एक पैंथर पेड़ पर खड़ा दिखाई दिया। पर्यटकों की गाड़ियों के पहुंचते ही पैंथर फुर्ती से पेड़ से नीचे उतरा और तेजी से जंगल की ओर बढ़ गया, मानो उसे कोई शिकार दिखाई दे गया हो। इस रोमांचक पल को भी पर्यटकों ने अपने कैमरों में कैद किया।

एक ही सफारी के दौरान टाइगर और पैंथर दोनों की शानदार साइटिंग ने पर्यटकों के लिए इस सफर को यादगार बना दिया और सरिस्का का जंगल एक बार फिर रोमांच से गूंज उठा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *