कृषक संवाद कार्यक्रम में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान का ऐलान—भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
अलवर। राजस्थान में किसानों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर राजस्थान किसान आयोग के तहत अन्वेषण भवन गार्डन, अलवर में कृषक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सागवान अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राजस्थान किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम में जिलेभर से आए किसानों ने कृषि और दुग्ध उत्पादन से जुड़ी समस्याएं साझा कीं तथा अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इस अवसर पर सरस डेयरी चेयरमैन श्री नितिन सागवान ने किसानों और दुग्ध उत्पादकों को सरस डेयरी द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसान आयोग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सराहनीय है, क्योंकि इससे किसान अपनी समस्याएं सीधे आयोग के अध्यक्ष के समक्ष रख पा रहे हैं। सागवान ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा मुख्यमंत्री संबल योजना के तहत किसानों को 5 रुपये प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने सरस डेयरी की ‘सरस लाडली योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि दुग्ध उत्पादकों के घर जन्म लेने वाली दो बेटियों के नाम एफडी की जाती है, जिसमें 500 रुपये दुग्ध उत्पादक और 5,000 रुपये सरस डेयरी की ओर से जमा किए जाते हैं। बेटी के 18 वर्ष पूर्ण होने पर यह राशि उसकी शिक्षा एवं विवाह में सहायता के रूप में दी जाती है।
सागवान ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के विजन के तहत 320 करोड़ रुपये की लागत से 5 लाख लीटर क्षमता के नए डेयरी प्लांट का भूमि पूजन शीघ्र किया जाएगा। नए प्लांट के निर्माण से प्रोसेसिंग लॉस कम होगा, जिससे डेयरी की आय बढ़ेगी और किसानों को दूध के बेहतर दाम मिल सकेंगे।
भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरस डेयरी में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति लागू की जाएगी। डेयरी में भ्रष्टाचार करते पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला प्रमुख अलवर बलवीर सिंह छिल्लर, अतिरिक्त कृषि निदेशक भरतपुर देशराज सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक अलवर पी.सी. मीणा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।