अलवर में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन, 329 पदों पर नियुक्ति की मांग तेज
अलवर में सफाई कर्मचारियों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने मंगलवार को मिनी सचिवालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गेट पर नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और वर्ष 2012 से लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती में 329 पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका के खिलाफ भी नाराजगी जताई गई। समाज के लोगों का कहना है कि 2 फरवरी को वे मंत्री के आवास पर पहुंचे थे, जहां लंबित नियुक्तियों को लेकर चर्चा हुई थी। उस समय मंत्री ने आयुक्त को मौके पर बुलाकर 14 दिन में नियुक्ति देने का आश्वासन दिया था।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि 2012 की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी 329 अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल पाई है, जिससे सफाई कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
उन्होंने यह भी कहा कि करीब डेढ़ महीने पहले नियुक्ति आदेश जारी हो चुके हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक जॉइनिंग लेटर नहीं दिए गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए, तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।