95 वर्षीय महिला से 25 लाख और जेवर हड़पने वाला आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार
अलवर कोतवाली थाना पुलिस ने 95 वर्षीय वृद्धा को झांसा देकर बैंक से लगभग 25 लाख रुपये और घर में रखे सोना-चांदी के जेवरात हड़पने के मामले में आरोपी चेतन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़िता का देवर का बेटा है और उसकी देखरेख के नाम पर उसी के साथ रहता था।
सहायक उपनिरीक्षक विजेंद्र सिंह के अनुसार, पीड़िता चंद्रकांता शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि चेतन शर्मा उस पर भरोसा जमाकर उसे बैंक ले गया और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाकर करीब 25 लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद वह घर में रखे लगभग 14 तोला सोना-चांदी लेकर फरार हो गया।
मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को पकड़ लिया। चंद्रकांता शर्मा आरोपी की ताई लगती हैं और उसी रिश्ते के भरोसे उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस फिलहाल चेतन शर्मा से आगे की पूछताछ कर रही है।