यातायात नियम पालन को बढ़ावा: रामगढ़ पुलिस का अनूठा अभियान, हेलमेट पहनने वालों का फूलमाला से सम्मान….
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रामगढ़ पुलिस ने यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में जिलेभर में चल रहे जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणाम दिखाई देने लगे हैं।
शुक्रवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के बहादुरपुर रोड स्थित खाटूश्याम मंदिर के बाहर थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष यातायात जांच व जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस दौरान हेड कांस्टेबल सुनील कुमार मीणा, कांस्टेबल मनमोहन सिंह चौधरी सहित आरएससी पुलिस जाप्ता मौके पर तैनात रहा। अभियान में खाटूश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जवाहर तनेजा व सदस्य भी पुलिस के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे।
रामगढ़ पुलिस ने जागरूकता का नया तरीका अपनाते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे दुपहिया चालकों को रोककर फूलमाला पहनाई और उपहार देकर सम्मानित किया। इस सकारात्मक पहल से चालकों में उत्साह देखा गया तथा लोगों ने पुलिस के प्रयास की सराहना की। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को सख्त लहजे में समझाइश दी गई और भविष्य में नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है।
खाटूश्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जवाहर तनेजा ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच पुलिस की यह पहल समय की आवश्यकता है। रामगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना है और लोग यातायात नियमों के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं। निश्चित रूप से यह कदम सड़क सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।