रामगढ़ में खुलेगा नया मिनी सचिवालय, CM ने 152 करोड़ से अधिक के कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास…
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को अलवर दौरे के दूसरे दिन रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बहाला में आयोजित ग्रामोत्थान शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक व प्रमाण पत्र वितरित किए, साथ ही दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में ग्रामोत्थान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस अवसर पर रामगढ़ क्षेत्र में 152 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
रामगढ़ में मिनी सचिवालय की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रामगढ़ में नए मिनी सचिवालय खोलने की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इससे स्थानीय प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने और लोगों को सुविधाएं नजदीक ही उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस मौके पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, विधायक जसवंत यादव, महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, रमेश खींची सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी ने कार्यक्रम को जनविश्वास और सहभागिता का प्रतीक बना दिया।