#देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

रामगढ़–मेवात में मिलावटी दूध और मावे का गोरखधंधा, विधायक सुखवंत सिंह ने विधानसभा में की सख्त कार्रवाई की मांग

रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे मेवात इलाके में मिलावटी दूध, सिंथेटिक मावा और पनीर के अवैध कारोबार का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है। रामगढ़ से विधायक सुखवंत सिंह ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान प्रक्रिया नियम 295 के तहत यह गंभीर मुद्दा उठाते हुए सरकार से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

विधायक ने सदन को अवगत कराया कि मेवात क्षेत्र के कई गांवों में केमिकल मिलाकर सिंथेटिक दूध तैयार किया जा रहा है। इसी मिलावटी दूध से मावा, पनीर और विभिन्न मिठाइयां बनाकर बाजार में बेची जा रही हैं, जो आमजन के स्वास्थ्य के साथ खुला खिलवाड़ है। कार्रवाई के अभाव में यह अवैध धंधा तेजी से फैल रहा है।

स्थानीय स्तर पर सिंथेटिक दूध से तैयार मावा और कलाकंद 100 से 150 रुपये प्रति किलो की दर से बेचे जा रहे हैं, जबकि वही उत्पाद बड़े मिष्ठान भंडारों पर 400 से 500 रुपये किलो तक पहुंच जाते हैं। इस मिलावटखोरी के कारण अलवर के प्रसिद्ध मिल्क केक की साख भी प्रभावित हो रही है। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लालची कारोबारी अलवर की पहचान का गलत फायदा उठाकर उपभोक्ताओं को गुमराह कर रहे हैं।

विधायक ने चेताया कि मिलावटी दूध और उससे बने उत्पादों के सेवन से कैंसर सहित कई गंभीर और जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

अध्यक्ष के माध्यम से सरकार से आग्रह किया गया कि मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। सदन में मुद्दा उठने के बाद क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर उम्मीद जगी है।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *