रामगढ़ के कोटाखुर्द में साइबर अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर पथराव, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त, कई लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थानाधिकारी विजेंद्र सिंह ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद उद्योग नगर, नौगांवा, बगड़ तिराया, गोविंदगढ़ और सदर थाना सहित भारी पुलिस बल कोटाखुर्द गांव पहुंचा। रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कार्रवाई में बाधा डालने वाले महिला सहित कई लोगों को दस्तयाब किया है। पुलिस के अनुसार, पांडिचेरी साइबर थाना के एएसआई संतोष कुमार अपनी टीम के साथ एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने रामगढ़ पहुंचे थे। आरोपी मुनफेद खान, निवासी कोटाखुर्द, पर पांडिचेरी में पुलिस विभाग के एक अधिकारी से साइबर ठगी करने का आरोप है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो लगाकर सस्ते सामान बेचने के नाम पर ठगी की थी, जिसको लेकर पांडिचेरी साइबर थाने में मुकदमा दर्ज है।
आरोपी की लोकेशन कोटाखुर्द गांव में मिलने पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और हंगामे के कारण आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ राजकार्य में बाधा की धाराओं में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं फरार साइबर अपराधी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।