रामगढ़/ अलवर: जखोपुर गांव में 16 केवी ट्रांसफॉर्मर से तेल व कॉपर चोरी, इलाके में दहशत
अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जखोपुर गांव में ट्रांसफॉर्मर चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने जोहड़ के पास लगे 16 केवी क्षमता वाले विद्युत ट्रांसफॉर्मर को निशाना बनाते हुए उसमें से ऑयल और कॉपर चोरी कर लिया।
जखोपुर निवासी जगदेव सिंह ने बताया कि उनके घरेलू कनेक्शन से जुड़े ट्रांसफॉर्मर से तेल और कॉपर चोरी किया गया है। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता गौरव कुमार को अवगत कराया गया। इसके बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक अभियंता की ओर से रामगढ़ थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र में हाल के दिनों में ट्रांसफॉर्मर चोरी की बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।