राजगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता: अपहरण व लूट के मामले में एक वर्ष से फरार दो ईनामी आरोपी गिरफ्तार
अलवर जिले की राजगढ़ पुलिस ने गंभीर आपराधिक वारदात को अंजाम देकर करीब एक साल से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
थानाधिकारी राजेश मीना ने बताया कि 1 अगस्त 2024 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने लगभग एक वर्ष पहले प्रकाश मीना (निवासी परवैणी) को 25 हजार रुपये उधार दिए थे। कई बार मांगने के बावजूद रुपये वापस नहीं मिले। इसी विवाद के चलते 31 जुलाई 2024 को प्रकाश ने उसे सबक सिखाने की धमकी दी।
शाम को जब परिवादी माचाड़ी से लौट रहा था, तभी बैरेर मोड़ के पास सफेद स्विफ्ट कार में सवार प्रकाश और उसके 3–4 साथियों ने परिवादी को जबरन कार में डालकर रैणी पेट्रोल पंप के पास ले जाकर मारपीट की और फिर मण्डावर की ओर अपहृत कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, गोपनीय सूचनाओं और लगातार की गई निगरानी के आधार पर घटना में शामिल फरार आरोपियों को चिन्हित किया। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर रैणी थाना क्षेत्र के दानपुर निवासी सचिन मीना और परवैणी निवासी लेखराम मीना को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 2-2 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे।
पुलिस अब प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।