राजगढ़ के मूनपुर में नंदी पर धारदार हथियार से हमला, समय पर रेस्क्यू से बची जान…
राजगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के मूनपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। यहां एक बेज़ुबान नंदी पर अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में नंदी गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी देर तक दर्द से तड़पता रहा।
मूनपुर निवासी अभिषेक जांगिड़ ने नंदी को खून से लथपथ हालत में देखा तो तुरंत इसकी सूचना पालिकाकर्मी जुगनू तम्बोली को दी। सूचना मिलते ही नगर पालिका की टीम और राज्य सरकार की 1962 पशु हेल्पलाइन टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायल नंदी का रेस्क्यू किया गया।
पशु चिकित्सकों द्वारा नंदी के पैर में आए गहरे घावों पर टांके लगाए गए और उपचार शुरू किया गया। समय पर इलाज मिलने से अब नंदी की हालत सामान्य बताई जा रही है।
हालांकि, इस घटना ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक बेज़ुबान जानवर पर इतनी क्रूरता क्यों? ग्रामीणों ने दोषी की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।