#एजुकेशन #देश दुनिया #राज्य-शहर

राजगढ़ में केन्द्रीय विद्यालय स्थानांतरण को लेकर आंदोलन सातवें दिन भी जारी, प्रशासनिक वार्ता रही बेनतीजा

राजगढ़ (अलवर)।
रैणी क्षेत्र के दलालपुरा गांव में स्वीकृत केन्द्रीय विद्यालय को शिफ्ट किए जाने के विरोध में चल रहा राजगढ़ का आंदोलन सातवें दिन भी जारी रहेगा। सोमवार को प्रशासन की पहल पर उपखंड कार्यालय में आयोजित वार्ता एक बार फिर निष्कर्षहीन रही, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने धरना जारी रखने का निर्णय लिया।

एडीएम प्रथम मुकेश कायथवाल सोमवार सायं राजगढ़ पहुंचे और आवाज मंच के 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के लिए आमंत्रित किया। करीब आधे घंटे चली वार्ता के दौरान मंच के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट मांग रखते हुए कहा कि दलालपुरा में किया गया भूमि आवंटन तत्काल निरस्त किया जाए और विद्यालय को राजगढ़ में ही स्थापित किया जाए।

प्रतिनिधि मंडल के सदस्य डॉ. सर्वेश सैनी ने बताया कि प्रशासन वार्ता के दौरान बार-बार आंदोलन समाप्त करने पर जोर देता रहा, जबकि हमारी प्राथमिक मांग आवंटन निरस्त करने को लेकर थी। प्रशासनिक पक्ष इस पर सहमति न जताने के कारण वार्ता विफल हो गई।

वहीं एडीएम मुकेश कायथवाल ने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय के मुद्दे पर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से लगातार संवाद जारी है। उन्होंने कहा कि नए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा तथा वन विभाग, डीटीपीसी और केवी प्रशासन के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आंदोलनकारियों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है, हालांकि पूर्व आवंटन निरस्त करने के मुद्दे पर अभी अंतिम निर्णय शेष है।

वार्ता के दौरान एसडीएम सीमा मीणा, तहसीलदार कल्याण सहाय मीणा, कोतवाल रामजीलाल मीणा सहित आवाज मंच के प्रमुख सदस्य—डॉ. सर्वेश सैनी, संजय खंडेलवाल, राजेश शर्मा, अजय दीवान, अशोक शर्मा, बसंत गुप्ता, मुन्ना लखपति, एडवोकेट भूपेन्द्र शर्मा और भगवान सहाय सैनी मौजूद रहे।

आंदोलनकारियों का कहना है जब केंद्रीय विद्यालय राजगढ में ही खोले जाने का निर्णय नहीं होगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *