राजगढ़ में केन्द्रीय विद्यालय की मांग तेज: छठे दिन भी बाजार बंद, मुकेश जैमन का आमरण अनशन जारी
राजगढ़ उपखंड में स्वीकृत केन्द्रीय विद्यालय को यहीं स्थापित किए जाने तथा रैणी क्षेत्र के दलालपुरा में किए गए आवंटन को निरस्त करने की मांग को लेकर जारी आंदोलन छठे दिन भी जारी रहा। राजगढ़ आवाज़ मंच के बैनर तले कस्बे के बाजार पूरी तरह बंद रहे। मंच के मुकेश जैमन तीसरे दिन से गोल सर्किल पर आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि सात अन्य कार्यकर्ता क्रमिक अनशन पर बैठे हुए हैं।
रात्रि के समय धरना स्थल पर भक्ति संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। मौजूद लोगों ने श्याम बाबा के दरबार में हाजिरी लगाई।
इस दौरान चिकित्सा विभाग की टीम ने अनशन पर बैठे मुकेश जैमन की जांच की। स्वास्थ्य मानकों में गड़बड़ी पाए जाने पर टीम ने दोबारा जांच की। सूचना मिलने पर तहसीलदार कल्याण सहाय मीना भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। व्यापारिक संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
मुकेश जैमन ने कहा कि राजगढ़ के लिए स्वीकृत केन्द्रीय विद्यालय को मनमाने तरीके से रैणी के दलालपुरा में स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके विरोध में यह आंदोलन चल रहा है। उन्होंने विद्यालय को राजगढ़ में ही खोलने की मांग दोहराई।
अजय दीवान ने कहा कि विकास की नींव शिक्षा है, लेकिन स्थानीय नेता शिक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति कर रहे हैं, जो उचित नहीं है। मनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि निजी स्वार्थों के कारण राजगढ़ में स्वीकृत विद्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किया गया है, जबकि उनकी स्पष्ट मांग है कि यह विद्यालय राजगढ़ में ही खोला जाए।