साउथ अफ्रीका के लुसाका में राजगढ़ के युवक की मौत, परिवार ने शव भारत लाने की लगाई गुहार…
अलवर जिले के राजगढ़ उपखंड क्षेत्र के धमरेड गांव निवासी एक युवक की साउथ अफ्रीका के लुसाका शहर में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान धमरेड के नाथ मोहल्ला निवासी गंगाराम योगी पुत्र रमेशचंद योगी के रूप में हुई है। वे बीते 15 अगस्त 2025 को रोज़गार की तलाश में साउथ अफ्रीका गए थे।
परिजनों के अनुसार गंगाराम लुसाका सिटी में एक मार्बल माइंस में होल मेजर के पद पर कार्यरत थे। 11 फरवरी 2026 को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें बुखार आने पर चिकित्सकों ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उनके मुंह में घाव हो गए और हालत बिगड़ने से उनका निधन हो गया।
गंगाराम अपने पीछे पत्नी सरोज देवी, पुत्र दीपक तथा दो पुत्रियां मोनिका और काजल को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन सरकार से जल्द से जल्द शव भारत लाने की मांग कर रहे हैं।
मृतक के पुत्र दीपक कुमार योगी ने बताया कि उनके पिता रोज़ अपनी मां से बात करते थे, लेकिन पिछले तीन दिनों से संपर्क नहीं हो पा रहा था। 11 फरवरी को बड़े पापा के पास फोन आया, जिसमें निधन की सूचना दी गई। दीपक ने कहा कि परिवार का एकमात्र सहारा उनके पिता ही थे।
मृतक के साले गणेश लाल योगी ने बताया कि गंगाराम मजदूरी के लिए विदेश गए थे और अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने भी सरकार से शव शीघ्र भारत लाने की मांग की है।
इस संबंध में प्रशासक सीमा मीना ने बताया कि गंगाराम साउथ अफ्रीका में एक क्लास ए मार्बल माइनिंग कंपनी में कार्यरत थे। वे किशनगढ़ (अजमेर) के ठेकेदार जीतू राजपूत के माध्यम से विदेश गए थे। मामले की जानकारी केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव को दी गई है। मंत्री ने परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही शव भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
शुक्रवार को परिजनों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर शव को भारत लाने की मांग दोहराई है।