#क्राइम #देश दुनिया

राजगढ़ में इंसानियत शर्मसार: नन्दी की कमर में कुल्हाड़ी धंसी छोड़ गया हैवान, हालत नाजुक…

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के पिनान कस्बे में शनिवार सुबह पशु क्रूरता की एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई, जिसने इंसानियत को कठघरे में खड़ा कर दिया है। मानसिंह वाला कुएं के पास एक अज्ञात हैवान ने बेज़ुबान नन्दी की कमर पर कुल्हाड़ी से बेरहमी से वार कर दिया और हैवानियत की हदें पार करते हुए कुल्हाड़ी को उसी के शरीर में धंसा हुआ छोड़कर फरार हो गया। दर्द से तड़पता नन्दी घंटों तक मौत और ज़िंदगी के बीच जूझता रहा।

घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस और भौरंगी धाम गौशाला की टीम मौके पर पहुंची। गौशाला टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल नन्दी को रेस्क्यू किया। कुछ ही देर में रैणी पशु चिकित्सालय से चिकित्सकों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची, जिन्होंने अत्यंत सावधानी से नन्दी के शरीर में धंसी कुल्हाड़ी को बाहर निकाला और मौके पर ही इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार नन्दी की हालत नाजुक बनी हुई है, हालांकि समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचा ली गई।

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी करारा तमाचा है। हैरानी की बात यह है कि इसी क्षेत्र में एक दिन पहले शुक्रवार को भी पशु क्रूरता की एक और घटना सामने आई थी, जब गौ-तस्करों ने चलती पिकअप से गौवंशों को सड़क पर फेंक दिया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासन की कार्यप्रणाली और समाज की चुप्पी—दोनों पर गंभीर सवाल उठाती हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजगढ़ पुलिस ने कुल्हाड़ी को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

गोरक्षक अजय महाराज ने बताया “पिनान गौरक्षा दल से सूचना मिली कि एक नन्दी है, जिसकी कमर में कुल्हाड़ी फंसी हुई है। सूचना पर हम भौरंगी धाम गौशाला की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां राजगढ़ पुलिस और ग्रामीण मौजूद थे। रैणी पशु चिकित्सालय की टीम ने सावधानीपूर्वक कुल्हाड़ी निकालकर इलाज शुरू किया। ऐसी घटनाएं बेहद दर्दनाक हैं, दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *