Rajasthan: पति जेल में, युवती भाई के साथ गांजा तस्करी करते गिरफ्तार – 46 किलो बरामदश्रीगंगानगर में बड़ी ड्रग्स गिरफ्तारी
श्रीगंगानगर जिला पुलिस की विशेष टीम (DST) ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने 25 वर्षीय सोनिया, 28 वर्षीय रवि कुमार राय यादव और एक 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान 46 किलो 830 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जो दो प्लास्टिक थैलियों में छिपा हुआ था।
कैसे पकड़े गए आरोपी
एसपी डॉ. अमृता दुहन के अनुसार, पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में पदमपुर मार्ग स्थित कोढिया पुली के पास नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई की गई। सोनिया श्रीगंगानगर की दशमेश कॉलोनी की निवासी हैं, जबकि रवि कुमार बिहार के समस्तीपुर जिले के हैदर गांव का रहने वाला है। नाबालिग समेत तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पति पहले ही जेल में था
जांच में पता चला कि सोनिया का पति प्रवीण कुमार 2 महीने पहले 12 किलो गांजा के साथ पकड़ा गया था और जेल में बंद है। पति की गिरफ्तारी के बाद सोनिया ने अपने भाई बादल के साथ मिलकर तस्करी शुरू की।
बिहार से तस्करी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, यह तस्करी का नेटवर्क बिहार के हाजीपुर का कुख्यात तस्कर प्रिंस चला रहा था। प्रिंस ने रवि और किशोर को 4000 रुपये का लालच देकर 46.830 किलो गांजा श्रीगंगानगर भेजने को कहा था। इसमें से 2000 रुपये एडवांस भी दिए गए थे।
रवि और किशोर 9 दिसंबर को हाजीपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन से आए और हिसार होते हुए श्रीगंगानगर पहुंचे। यहां सोनिया स्कूटी पर उन्हें लेने पहुंची, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। आरोपी बादल मौके से फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम और आगे की कार्रवाई
इस कार्रवाई में एसआई राजेंद्र स्वामी, हवलदार राजेंद्र, जितेंद्र, थाना प्रभारी सिरकौर, सिपाही रोहताश और दिनेश शामिल थे। कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पृथ्वीपाल सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।