Rajasthan High Court: 28 दिन बाद भी नहीं आया बेटे का शव, सऊदी अरब एम्बेसी को नोटिस जारी
अगली सुनवाई 17 दिसंबर को, भारत और सऊदी सरकार को देना होगा जवाब
बालोतरा निवासी रमेश कुमार मेघवाल की मौत के मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने सऊदी अरब सरकार को नोटिस जारी किया है। दिल्ली स्थित सऊदी अरब एम्बेसी को नोटिस भेजकर कोर्ट ने शव भेजने में देरी पर जवाब मांगा। अगली सुनवाई 17 दिसंबर को होगी, जिसमें सऊदी और भारत सरकार दोनों को अपना पक्ष रखना होगा।
केंद्र और राजस्थान सरकार को भी नोटिस
करीब महीनेभर बाद भी शव नहीं आने पर रमेश की मां, तीजू बाई ने वकील सुशील विश्नोई और सुनील पुरोहित के जरिए याचिका दाखिल की। कोर्ट ने मामला गंभीरता से लेते हुए सऊदी एम्बेसी, विदेश मंत्रालय (केंद्रीय संयुक्त सचिव, गल्फ कंट्रीज़) और राजस्थान सरकार को भी नोटिस जारी किया। जस्टिस नूपुर भाटी ने मामले की सुनवाई करते हुए नोटिस दिए।
संदिग्ध हालात में हुई थी मौत
रमेश कुमार की 13 नवंबर को सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शव न मिलने पर राजस्थान सीड्स कॉर्पोरेशन के पूर्व डायरेक्टर चर्मेश शर्मा ने राष्ट्रपति सचिवालय, नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन और विदेश मंत्रालय में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
सऊदी एम्बेसी ने 26 नवंबर को दिया जवाब
पिटीशनर की तरफ से एडवोकेट सुशील विश्नोई और भारत सरकार की ओर से ASG भरत व्यास पेश हुए। सऊदी अरब स्थित इंडियन एम्बेसी ने 26 नवंबर को बताया कि सऊदी पुलिस अभी केस की जांच कर रही है और इसी वजह से शव नहीं भेजा जा सका।
मेडिकल रिपोर्ट के कारण देरी
सऊदी एम्बेसी ने कहा कि बॉडी की फॉरेंसिक मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद ही शव सौंपी जाएगी। 3 दिसंबर को रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने रमेश का डेथ सर्टिफिकेट जारी किया, जिसमें मौत का कारण सुसाइड बताया गया। हालांकि, एम्बेसी ने परिवार को बताया कि पुलिस की मेडिकल रिपोर्ट न होने के कारण शव अभी तक नहीं लौटाया जा सका।