Rajasthan Budget 2026: सड़कों को लेकर बड़ा निवेश, 1800 करोड़ से रोड और आरओबी-आरयूबी का काम..
राजस्थान की वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बजट भाषण में राज्य के सड़क विकास और परिवहन ढांचे को लेकर बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवागमन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
अब तक का सड़क विकास
वित्त मंत्री दीया कुमारी ने बताया कि अब तक राज्य सरकार ने सड़क विकास पर करीब 27,860 करोड़ रुपए खर्च कर 16,430 किलोमीटर नई सड़कें बनाई हैं। इसके साथ ही लगभग 42 हजार किलोमीटर सड़कों के सुधार और मरम्मत का कार्य किया गया है। ये आंकड़े राज्य की सड़क विकास नीति की गंभीरता को दिखाते हैं।
1800 करोड़ से सड़क, आरओबी-आरयूबी और एलिवेटेड रोड
आगामी वर्ष में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 1800 करोड़ रुपए की लागत से स्टेट हाईवे, आरओबी (राइज ओवर ब्रिज), आरयूबी (राइज अंडर ब्रिज), एलिवेटेड रोड के निर्माण और मरम्मत के काम कराए जाएंगे। बजट में इन परियोजनाओं की विस्तृत सूची विधानसभा में प्रस्तुत की जाएगी।
नॉन-पैचेबल और मिसिंग लिंक सड़कों का विकास
बजट में नॉन-पैचेबल सड़कों के लिए 1400 करोड़ रुपए और मिसिंग लिंक सड़कों के लिए 600 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए 500 करोड़ रुपए अलग से रखे गए हैं।
अटल प्रगति पथ का विस्तार
वित्त मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल प्रगति पथ योजना का विस्तार किया। 5,000 से अधिक आबादी वाले गांवों में सीमेंट कंक्रीट सड़कों के निर्माण के लिए अगले साल 250 अटल प्रगति पथों पर 500 करोड़ रुपए के कार्य किए जाएंगे। यह कदम राज्य के दीर्घकालिक विकास और 2047 तक राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बजट में सड़क विकास पर फोकस
राजस्थान सरकार का यह रोड बजट राज्य में आवागमन, कृषि और व्यापार को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण और अर्बन कनेक्टिविटी को भी बढ़ाएगा। लंबी दूरी की हाईवे से लेकर छोटे गांवों की मिसिंग लिंक सड़कों तक निवेश करने का लक्ष्य राज्य के हर हिस्से को जोड़ना और आर्थिक विकास में मदद करना है।