खेड़ली में पुलिस पर फायरिंग: सर्राफा हत्याकांड के संदिग्ध तीन बदमाश गिरफ्तार, बाल-बाल बचे नंदबई थानाधिकारी
अलवर जिले के खेड़ली थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यवसायी हत्याकांड से जुड़े संदिग्धों की तलाश में गई नदबई पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी में नदबई थानाधिकारी अरुण सिंह और एक हेड कांस्टेबल बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, नदबई कस्बे में कुछ दिन पहले सर्राफा व्यवसायी की हत्या और लूट के मामले में आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खेड़ली क्षेत्र के घाटा भावर से रिगसपुरा खनन लीज मार्ग पर तीन संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी और पहाड़ों की तरफ चढ़ गए । पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी ।
घटना के दौरान एक गोली थानाधिकारी अरुण सिंह के कान के पास से गुजर गई, जबकि दूसरी गोली हेड कांस्टेबल के सिर के करीब से निकली। पुलिस ने आरोपियों को चारों ओर से घेर लिया और गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में आरोपियों के पास से दो देशी कट्टे, जिंदा कारतूस और फायर किए गए कारतूस के खोल बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानसिंह उर्फ मांगीलाल (दौसा), आकाश (मथुरा, यूपी) और नरेश (भरतपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में हथियारों के बल पर लूट समेत आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। खेड़ली थाना प्रभारी विजय सिंह चंदेल के नेतृत्व में आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि यदि समय रहते इन बदमाशों को नहीं पकड़ा जाता तो क्षेत्र में बड़ी वारदात हो सकती थी। वहीं, भागने की कोशिश में घायल हुए आरोपियों का मेडिकल भी कराया जाएगा। मामले में थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।