पीएम मोदी ने केरल को दी बड़ी रेल सौगात, तीन अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
तिरुवनंतपुरम से दक्षिण भारत को नई रफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और एक नई पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही राज्य में रेल कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। पीएम मोदी ने इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
किन रूट्स पर चलेंगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें
प्रधानमंत्री द्वारा जिन तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना किया गया, उनके रूट इस प्रकार हैं:
- नागरकोइल – मंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस
- तिरुवनंतपुरम – तांबरम अमृत भारत एक्सप्रेस
- तिरुवनंतपुरम – चार्लापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
इसके अलावा त्रिशूर और गुरुवायुर के बीच एक नई पैसेंजर ट्रेन सेवा भी शुरू की गई।
कई राज्यों के बीच कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इन नई रेल सेवाओं से केरल के साथ-साथ तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। इससे यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा, वहीं पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
जनसभा में पीएम मोदी का संदेश
कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में किए जा रहे ये कदम राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगे। पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने के प्रयासों का भी जिक्र किया।
PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड लॉन्च
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने PM SVANidhi क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया और एक लाख लाभार्थियों को ऋण वितरित किए। उन्होंने कहा कि यह योजना रेहड़ी-पटरी वालों और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। UPI से जुड़ा यह ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट कार्ड डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देगा।
विज्ञान, स्वास्थ्य और नागरिक सेवाओं पर फोकस
पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम में CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और एंटरप्रेन्योरशिप हब की आधारशिला रखी, जो लाइफ साइंस, बायो-इकोनॉमी, आयुर्वेद और आधुनिक बायोटेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करेगा। इसके साथ ही श्री चित्र तिरुनाल मेडिकल संस्थान में अत्याधुनिक रेडियोसर्जरी सेंटर और पूजापुरा हेड पोस्ट ऑफिस का भी उद्घाटन/शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में कौन-कौन रहा मौजूद
इस कार्यक्रम में केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री को इस दौरान सम्मानित भी किया गया।