#क्राइम #देश दुनिया #पॉलिटिक्स #राज्य-शहर

पायलट की कॉल डिटेल से खुलेगा हादसे का राज? एनसीपी नेता की जांच की मांग

अमोल मितकरी ने एनसीपी नेता अजित पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे से पायलट किसी व्यक्ति के संपर्क में थे। मितकरी के अनुसार, यदि पायलटों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की जाए, तो दुर्घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पूरे मामले की व्यापक और पारदर्शी जांच की मांग की है।

28 फरवरी तक आ सकती है हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट

केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री एवं पुणे सांसद मुरलीधर मोहोल ने बताया कि हादसे की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट 28 फरवरी या उससे पहले जारी कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा जांच की जा रही है और दुर्घटना के 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी।

बारामती एयरपोर्ट के पास हुआ था विमान हादसा

28 जनवरी को बारामती हवाई अड्डे के नजदीक हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद से हादसे के कारणों को लेकर कई तरह की अटकलें सामने आ रही हैं।

रोहित पवार ने जताई साजिश की आशंका, कंपनी पर उठाए सवाल

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने प्रेस वार्ताओं में विमान कंपनी से जुड़ी कथित अनियमितताओं और तकनीकी खामियों का दावा किया।

उन्होंने इस हादसे के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रधानमंत्री को पत्र, मंत्री से इस्तीफे की मांग

रोहित पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि जांच पूरी होने तक केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राम मोहन नायडू को पद से इस्तीफा देने को कहा जाए।

उन्होंने पत्र में विमान कंपनी वीएसआर और मंत्री की पार्टी तेलुगु देशम पार्टी से कथित संबंधों की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

सरकार बोली—जांच प्रक्रिया पारदर्शी, रिपोर्ट सार्वजनिक होगी

राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि जांच से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां तय समयसीमा के भीतर रिपोर्ट जारी करेंगी और किसी भी तरह की जानकारी छिपाई नहीं जाएगी।

author avatar
stvnewsonline@gmail.com

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *