रामगढ़ में पेंशनर्स का विरोध, काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मनाया, पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
रामगढ़ में पेंशनर समाज के सदस्यों ने बुधवार को काली पट्टी बांधकर ‘काला दिवस’ मनाया और उपखंड अधिकारी बाबूलाल बैरवा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पेंशनर्स ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए ‘वैधता अधिनियम 2025’ को वापस लेने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 25 मार्च 2025 को लोकसभा में पेश किया गया वित्तीय विधेयक नोटिफिकेशन के जरिए कानून का रूप ले चुका है, जिसे पेंशनर्स ने अपने हितों के खिलाफ बताया। उनका कहना है कि यह कानून भविष्य में पेंशन से जुड़े लाभों को प्रभावित करेगा, पेंशन में बढ़ोतरी पर रोक लगा सकता है और पूर्व पेंशनर्स के साथ भेदभाव की आशंका पैदा करता है।
पेंशनर्स ने यह भी आरोप लगाया कि इस कानून के लागू होने के बाद उन्हें न्यायालय में जाने का अधिकार भी सीमित हो सकता है। इसको लेकर पेंशनर्स में भारी रोष देखा गया।
इस दौरान पेंशनर समाज के अध्यक्ष हरिराम गुर्जर सहित अजीत जैन, कमरुद्दीन, दामोदर लाल, भगवान सहाय, देवी सिंह, रघुनंदन सेन, हरिकिशन, निमन खान, मोहर सिंह, हेमराज सतीजा, नानक जैन, सुशील शर्मा, लक्ष्मण राम, भगवान सिंह, धर्मवीर सिंह और रामधन मीणा समेत सैकड़ों पेंशनर्स मौजूद रहे।