पंचायत चुनाव में सियासी परिवारों का रिपोर्ट कार्ड: जाखड़ के पोते सहित कई दिग्गजों के परिजन हारे
राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों में कई राजनीतिक परिवारों को जीत की खुशी मिली। वहीं कुछ चर्चित नेताओं के परिजनों को हार का सामना करना पड़ा। बीकानेर में निकिता डूडी ने जिला परिषद चुनाव जीता। जयपुर में यशवीर सूरा को भी सफलता मिली। दूसरी ओर पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ के पोते दीपक जाखड़ और विधायक नरेंद्र बूढ़ानिया की पत्नी कनक बूढ़ानिया चुनाव हार गईं।

मुख्य बातें
- पंचायत चुनाव में किसी के घर जश्न तो कहीं मायूसी, जानिए किसने मारी बाजी
- डूडी की बहू जीतीं, जाखड़ के पोते और बूढ़ानिया की पत्नी हारे
- राजस्थान पंचायत चुनाव में सियासी परिवारों का रिपोर्ट कार्ड
JAIPUR,20 NOV.2026:
डूडी परिवार की बहू निकिता ने दर्ज की जीत
बीकानेर जिला परिषद चुनाव में दिवंगत नेता रामेश्वर डूडी और विधायक सुशीला डूडी की बहू निकिता डूडी ने जीत हासिल की। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड नंबर 13 से 2,774 वोटों के अंतर से चुनाव जीता।वहीं, पाली के पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ के पोते दीपक जाखड़ को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने भोपालगढ़ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 5 से चुनाव लड़ा था। निर्दलीय प्रत्याशी शैतान सिंह ने उन्हें 274 वोटों से हराया। दीपक जाखड़ एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
यशवीर सूरा जीते, मोहन डागर को मिली हार
जयपुर जिला परिषद के वार्ड नंबर 28 से युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष यशवीर सूरा ने जीत दर्ज की। इस सीट के नतीजे पर जिले के साथ प्रदेश की भी नजर थी।दूसरी ओर कांग्रेस के निवर्तमान उप जिला प्रमुख मोहन डागर को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने जयपुर जिला परिषद के वार्ड नंबर 12 से चुनाव लड़ा था। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की। डागर को जिला प्रमुख पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार माना जा रहा था।
विधायक नरेंद्र बूढ़ानिया की पत्नी और महेंद्र चौधरी की बेटी हारीं
चूरू जिला परिषद के वार्ड नंबर 38 से विधायक नरेंद्र बूढ़ानिया की पत्नी कनक बूढ़ानिया कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मैदान में थीं। हालांकि, उन्हें जीत नहीं मिली। भाजपा के नरेश सहारण ने उन्हें चुनाव में हराया।वहीं, नावां के पूर्व विधायक महेंद्र चौधरी की बेटी डॉ. कनुप्रिया चौधरी भी चुनाव हार गईं। उन्होंने नावां पंचायत समिति के वार्ड नंबर 19 से सदस्य पद का चुनाव लड़ा था।
धीरज गुर्जर की मां सीता देवी ने दर्ज की जीत
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर के लिए दो दिनों में दो अच्छी खबरें आईं। गुरुवार को उन्हें दोबारा कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। वहीं शुक्रवार को उनकी मां सीता देवी ने भी चुनाव में जीत दर्ज की।सीता देवी ने भीलवाड़ा जिले की जहाजपुर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 2 से जीत हासिल की।दूसरी ओर बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण गोदारा को हार मिली। उन्होंने जिला परिषद के वार्ड नंबर 34 से चुनाव लड़ा था। इस सीट पर आरएलपी के गजेंद्र ने उन्हें हराया।
विधायक पूसाराम गोदारा की पत्नी और बहू दोनों जीतीं
चूरू जिले की रतनगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक पूसाराम गोदारा के परिवार में भी चुनावी खुशी देखने को मिली। उनकी पत्नी नानी देवी और बहू रितू ने पंचायत समिति चुनाव में जीत हासिल की।नानी देवी ने वार्ड नंबर 2 से आरएलपी की कमला को 379 वोटों से हराया। वहीं रितू ने वार्ड नंबर 3 से भाजपा के दुलीचंद को 776 वोटों से शिकस्त दी।
सांसद संजना जाटव के जेठ हारे, विजयपाल कुड़ी जीते
भरतपुर सांसद संजना जाटव के जेठ श्रीनिवास जाटव को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने अलवर जिले की कठूमर पंचायत समिति के वार्ड नंबर 8 से चुनाव लड़ा था।वहीं, राजस्थान विश्वविद्यालय में एनएसयूआई के प्रभारी विजयपाल कुड़ी ने सीकर जिला परिषद के वार्ड नंबर 36 से जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में उन्होंने 5 हजार से अधिक वोटों के अंतर से चुनाव जीता।
इस खबर में कोई गलती दिखी? हमें बताएं





