ओडेला खनन हादसा: पोकलेन मशीन मिली, लेकिन 5वें दिन भी लापता ऑपरेटर रामानंद तिवारी का सुराग नहीं…
रामगढ़ (अलवर) के ओडेला गांव स्थित खनन लीज क्षेत्र में हैवी ब्लास्टिंग के कारण चट्टान खिसकने की बड़ी घटना सामने आई है। इस हादसे में पानी से भरी गहरी खाई में पोकलेन मशीन के साथ लापता हुए ऑपरेटर रामानंद तिवारी की तलाश पांचवें दिन भी लगातार जारी है।
एसडीआरएफ के गोताखोरों ने करीब 12 घंटे पहले पोकलेन मशीन की लोकेशन ट्रेस कर ली थी। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत मशीन को खाई से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन गहरे पानी में समाए रामानंद तिवारी मशीन के कैबिन में नहीं मिले। इससे परिवार और प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।
राहत एवं बचाव कार्य को तेज करने के लिए स्थानीय प्रशासन ने गाजियाबाद से इंडस्ट्रियल क्रेन मंगवाई, वहीं भीलवाड़ा से 75-75 एचपी के दो पंप, रोशनी के लिए बड़े जनरेटर सहित कई आवश्यक मशीनें मौके पर तैनात की गईं। भारी मशक्कत के बाद पोकलेन मशीन को बाहर निकाला गया, लेकिन अब भी ऑपरेटर की तलाश जारी है।
प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार चल रहा है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।