रामगढ़ के ओडेला गांव में ब्लास्टिंग से ढहा पहाड़, पोकलेन बाहर निकली; ऑपरेटर की तलाश पांचवें दिन भी जारी…
अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र स्थित ओडेला गांव के पहाड़ में हैवी ब्लास्टिंग के कारण गत शुक्रवार शाम पहाड़ ढह गया था। हादसे में पोकलेन मशीन करीब 150 फीट से अधिक गहरी खाई में गिर गई थी। इस दौरान मशीन ऑपरेटर रामानंद तिवारी भी खाई में दब गया। मंगलवार को रेस्क्यू ऑपरेशन का पांचवां दिन रहा, जिसमें क्रेन की मदद से पोकलेन मशीन को खाई से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन ऑपरेटर का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती खाई में भरे लाखों लीटर पानी का जमाव रहा। पानी के कारण राहत कार्यों में लगातार बाधाएं आ रही हैं। खाई से मशीन तो निकाल ली गई है, लेकिन ऑपरेटर की तलाश के लिए सर्च अभियान अभी भी जारी है।
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
रामगढ़ के डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडरों की सहायता से पानी के भीतर उतरकर पहले पोकलेन मशीन की लोकेशन चिन्हित की और फिर उसे बाहर निकालने में सफलता हासिल की। उन्होंने बताया कि शुरू में पानी निकालने के लिए जनरेटर और छोटी मोटरों का सहारा लिया गया, लेकिन अब 50, 75, 100 और 250 हॉर्स पावर क्षमता की हाई पावर मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, जिनसे मंगलवार को पानी निकालने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
डीएसपी ने बताया कि मशीन बाहर निकलने के बाद खाई में ऑपरेटर के शव की तलाश तेज कर दी गई है। सर्च अभियान में प्राइवेट गोताखोरों की भी मदद ली जा रही है। हालांकि, हाई पावर मोटरों के उपयोग के दौरान निकलने वाले धुएं से मधुमक्खियां रेस्क्यू दल पर हमला कर रही हैं, जिससे राहत कार्यों में अतिरिक्त परेशानी आ रही है।