अब हफ्ते में एक दिन बिना यूनिफॉर्म स्कूल जा सकेंगे बच्चे और टीचर्स…..मंत्री मदन दिलावर बोले— मयूर स्कूल प्रकरण की जांच जारी,
SIR पर उठे विवाद पर साधा निशाना
अजमेर
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घोषणा की है कि प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में सप्ताह में एक दिन छात्रों व शिक्षकों को यूनिफॉर्म पहनने की अनिवार्यता नहीं रहेगी। अब बच्चे और टीचर अपनी स्थानीय/सामान्य पोशाक में एक दिन स्कूल जा सकेंगे। इस संबंध में विभाग की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
मदन दिलावर शुक्रवार को अजमेर के एक निजी स्कूल कार्यक्रम में पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कई मुद्दों पर कहा—
मयूर स्कूल मामला: ‘पुलिस करेगी निष्पक्ष जांच’
मयूर स्कूल के छात्र से जुड़े हालिया मामले पर मंत्री ने कहा कि…
“पुलिस जांच कर रही है, तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई होगी। निजी स्कूलों को भी बच्चों के साथ किसी घटना या गलत व्यवहार की जानकारी तुरंत लेनी चाहिए।”
SIR को लेकर कांग्रेस पर निशाना
SIR (Special Intensive Revision) यानी मतदाता सूची के विशेष गहन परीक्षण को लेकर कांग्रेस की आपत्तियों पर दिलावर ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा—
“कांग्रेस क्यों हल्ला मचा रही है? शायद इनके द्वारा कुछ बांग्लादेशियों, पाकिस्तानियों और गलत लोगों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाए गए हैं, इसलिए घबराहट हो रही है। चोर की दाढ़ी में तिनका वाली कहावत इन पर सटीक बैठती है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम हमेशा होता आया है, बस इस बार इसे गहन तरीके से किया जा रहा है।
अधिकारियों से उन्होंने अपील की—“एसआईआर में लगे कर्मचारियों पर कोई दबाव न बनाएं। मित्रवत माहौल में काम करवाएं।”
धर्मांतरण कानून पर बोले— ‘अब कांग्रेस का समय बदल चुका है’
धर्मांतरण विरोधी कानून पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने इसे सख्त और प्रभावी बनाया है, जिस पर राज्यपाल की मुहर भी लग चुकी है।
कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा—
“वह समय चला गया जब कांग्रेस धर्मांतरण करवाने वालों के साथ खड़ी रहती थी। हिंदू समाज को कमजोर करने का काम कांग्रेस करती रही है। आज भी इस बिल का अंदर ही अंदर विरोध कर रही है।”
उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को कानून पर आपत्ति थी तो
“विधानसभा के मंच पर बोलती, बाहर आकर शोर मचाने से कुछ हासिल नहीं होगा। जनता सब जानती है।”